November 11, 2026

जानिये कैसे…कांग्रेस के हल्ला बोल/भाजपा के सत्याग्रह से चढ़ा राजनीतिक पारा, शुक्ला और बेहड़ की रार नये मुकाम पर,पुलिस ने बमुश्किल पाया काबू,

Advertisement

जानिये कैसे…कांग्रेस के हल्ला बोल/भाजपा के सत्याग्रह से चढ़ा राजनीतिक पारा, शुक्ला और बेहड़ की रार नये मुकाम पर,पुलिस ने बमुश्किल पाया काबू,

रुद्रपुर।जिला मुख्यालय पर आज राजनीति का दिन भर हाई वोल्टेज ड्रामा चला।किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर जमकर हल्ला बोला तो किच्छा से दो बार विधायक रहे राजेश शुक्ला सहित भाजपा नेताओं ने भी कलेक्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर सत्याग्रह के द्वारा कांग्रेस पर पलटवार किया।
दरअसल किच्छा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच पिछले काफी दिनों से जमकर राजनीतिक रस्साकशी का दौर चल रहा है।
सहकारिता चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कांग्रेसी सरवर खान के खिलाफ एक तहरीर मिलने के बाद जब किच्छा कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करनी चाही तो कांग्रेस विधायक बेहड़ भड़क गये और किच्छा कोतवाल के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,गणेश गोंदियाल और जसपुर से विधायक आदेश चौहान की अगुवाई में सैकड़ों कांग्रेसियों ने बृहस्पतिवार को रुद्रपुर कूच कर दिया।कांग्रेस ने पुलिस अधिकारियों पर भाजपा का एजेंट होने का आरोप लगाया है,साथ ही कांग्रेस नेताओं का उत्पीड़न करने वाले किच्छा के कोतवाल को हटाने की मांग भी की है।आवास विकास स्थित रिंग रोड पर इकट्ठा होने के बाद सैकड़ों कांग्रेसी हुजूम की शक्ल में एसएसपी कार्यालय पहुंचे जहां एसएसपी कार्यालय में घुसने को लेकर पुलिस के साथ उनकी धक्का मुक्की भी हुई।एसएसपी कार्यालय के गेट पर घंटों तक कांग्रेसी डटे रहे।देर शाम तक एसएसपी कार्यालय के बाहर चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोंदियाल,विधायक तिलकराज बेहड़,आदेश चौहान समेत सभी प्रमुख कांग्रेसियों को धरना स्थल से हिरासत में ले लिया।सिडकुल पुलिस चौकी में अधिकारियों से हुई वार्ता में कांग्रेसी नेताओं ने किच्छा मामले की तीन दिन के भीतर निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद अपना हल्ला बोल कार्यक्रम वापस ले लिया।
एक ओर जहां एसएसपी कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं का हल्ला बोल चल रहा था तो वहीं किच्छा से दो बार विधायक रह चुके राजेश शुक्ला ने भी समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट गेट पर सत्याग्रह शुरु कर दिया था।शुक्ला के समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल,रुद्रपुर से भाजपा विधायक शिव अरोरा,मेयर विकास शर्मा और काशीपुर के महापौर दीपक बाली समेत सैकड़ों भाजपाइयों ने भी कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था।शुक्ला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक बेहड़ स्थानीय निकाय चुनाव के बाद से ही अपना आपा खो चुके हैं ।कहा कि विकास के नाम पर किच्छा वासियों को ठेंगा दिखाने वाले विधायक बेहड़ अब पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिये नये-नये हथकंडे आजमा रहे हैं।विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेस के हल्ला बोल को जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला बताया और कहा कि अपराधियों को संरक्षण देना कांग्रेस की पुरानी फितरत रही है।उन्होंने कांग्रेस को तुष्टिकरण की राजनीति से बाज आने की नसीहत देते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में उत्तराखंड ने विकास के मामले में देश के कई बड़े राज्यों को भी पीछे धकेल दिया है।विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेस पर जाति,मजहब और क्षेत्रवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

You may have missed