October 12, 2026

बजट से दौड़ेगा विकास का पहिया:-भट्ट केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने की प्रेस वार्ता,दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था का सपना होगा पूरा

रुद्रपुर/ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश अनुपूरक बजट से विकास का पहिया तेजी से घूमेगा,ऐसा दावा रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने किया है।दरअसल केंद्रीय मंत्री भट्ट ने रविवार को रुद्रपुर के सिटी क्लब में एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया है।उन्होंने बजट को प्रधानमंत्री के सपनों का विकसित भारत बनाने की ओर बढ़ाने वाला कदम बताया।कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में भारत विश्व के अग्रणी देशों की कतार में खड़ा हो गया है और अब भारत ने विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर कदम बढ़ा दिये हैं।अजय भट्ट ने केंद्रीय अनुपूरक बजट से उत्तराखंड को भी फायदा पहुंचने की बात कही है।उन्होंने पूर्ववर्ती केंद्र सरकारों के कार्यकाल में विकास की सुस्त रफ़्तार का जिक्र भी किया।उन्होंने वन्दे भारत ट्रेन के बाद अमृत भारत जैसी हाई स्पीड रेल सेवा की सौगात देश वासियों को देने के लिये मोदी सरकार की सराहना की।रक्षा राज्य मंत्री ने उत्तराखंड समेत देश भर में ऑप्टिकल फाइबर बिछाकर विश्व में सबसे पहले फाइव जी की सुविधा मिलने पर खुशी जताई।बजट में उत्तराखंड के लिये भी विशेष अनुदान के प्रावधान के बाद देवभूमि के चहुंमुखी विकास का दावा भट्ट ने किया।कहा कि प्रदेश में केदारनाथ के बाद बद्रीनाथ धाम कारीडोर बनने के साथ ही कुमाऊं मंडल के उच्च हिमालयी क्षेत्र में सड़क बनने से अब श्रद्धालु उत्तराखण्ड से भी कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर सकते हैं।अजय भट्ट ने हल्द्वानी,रुद्रपुर,किच्छा व लालकुआँ को जोड़ते हुए मेट्रो रेल सेवा के निर्माण से तराई व भाबर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित होने की बात भी कही,इसके अलावा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिये जमीन अधिग्रहण पूरा होने से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान कुछ ही वर्षों में शुरु होने का दावा भी किया।सिटी क्लब में प्रेस वार्ता के बाद अजय भट्ट नवोदय विद्यालय पहुंचे जहाँ उन्होंने पुस्तक मेले में भाग लिया।इस दौरान क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा,गुंजन नारंग विवेक सक्सेना,अमित नारंग,सुरेश कोली,सोनू अनेजा समेत अनेक भाजपाई मौजूद थे।

Advertisement

Lalit Kumar Sharma

You may have missed