जानिये…!कैसे चंपावत में मानसून से पहले क्षतिग्रस्त मार्गों का सुधारीकरण हुआ तेज,सीएम धामी के “आदर्श चंपावत” के विजन पर जिला प्रशासन गंभीर,


ललित शर्मा
9837510471
चंपावत/प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है।इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेश पर जिले के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों,मुख्य सड़क मार्गों और ग्रामीण मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिये आजकल सम्बंधित विभागों ने युद्ध स्तर पर अभियान छेड़ रखा है।उल्लेखनीय है कि आगामी कुछ ही दिनों के भीतर पूरे प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने वाली है जिसके तहत चंपावत जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि वर्षाकाल में भारी बारिश के बावजूद यातायात किसी भी स्तर पर बाधित न हो और स्थानीय निवासियों के अलावा पर्यटकों को भी सुचारू आवागमन की सुविधा मिलती रहे।अभियान के तहत जनपद की विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं और सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसियों द्वारा धरातल पर निरंतर और त्वरित गति से कार्य किया जा रहा है।मानसून के दौरान जलभराव और भूस्खलन जैसी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सड़कों के किनारे नाली सफाई,कलवर्ट सफाई,ड्रेन एंड स्कपर की सफाई तथा कैचपिट क्लीनिंग के कार्य फिलहाल युद्ध स्तर पर किये जा रहे हैं।सुरक्षित आवागमन के लिये सड़कों के गड्ढों को भरने के लिये पैचवर्क और मोड़ों पर दृश्यता बढ़ाने के लिए झाड़ी कटान का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।विशेष रूप से मंच नीड़ मोटर मार्ग पर नालियों और कैचपिट की सफाई,ढोन द्युरी मोटर मार्ग पर बी.सी. (बिटुमिनस कंक्रीट) कार्य के जरिये सड़क सुदृढ़ीकरण तथा सिमियाउरी से आमनी मोटर मार्ग पर ड्रेनेज क्लीयरेंस (जल निकासी की सफाई) का कार्य लगातार जारी है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को निर्देश दिये हैं कि मानसून की दस्तक से पूर्व ही सभी आवश्यक कार्यों को गुणवत्ता के साथ शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाय जिससे कि वर्षाकाल में आम-जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









