October 8, 2026

बड़ी खबर..भाजपा जिलाध्यक्ष के लिये कल होगी रायशुमारी, जिला कार्यालय में जुटेंगे पार्टी कार्यकर्ता,दावेदार जुगत में जुटे,

 

रुद्रपुर।भारतीय जनता पार्टी में ऊधम सिंह नगर जिले के नये अध्यक्ष पद के लिये शुक्रवार को रायशुमारी होगी।नये जिलाध्यक्ष की कवायद को पूरा करने के लिये प्रदेश नेतृत्व द्वारा गठित तीन सदस्यीय टीम 28 फरवरी दिन शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंचेगी।सूत्रों के मुताबिक उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल,हल्द्वानी के पूर्व मेयर डॉ० जोगेंद्र रौतेला व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र ढेला को रायशुमारी के लिये बनी टीम में शामिल किया गया है।पार्टी के जिलाध्यक्ष पद के लिये बगवाड़ा स्थित जिला कार्यालय में शुक्रवार सुबह संगठन के अपेक्षित पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से पहुंचने के लिये कहा गया है।रायशुमारी के लिये जिले भर से वर्तमान मंडल अध्यक्ष,जिला व प्रदेश के सभी पूर्व पदाधिकारी शुक्रवार को जिला कार्यालय पहुंचकर नये जिलाध्यक्ष के लिये तीनों पर्यवेक्षकों के सामने अपने पसंदीदा नाम का प्रस्ताव रखेंगे।सूत्रों के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिये मुख्यतः वर्तमान जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी,भारत भूषण चुघ,अमित नारंग,कमलेन्द्र सेमवाल इत्यादि में से किसी एक पर भाजपा के नये जिलाध्यक्ष के लिये सहमति बन सकती है।
जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी पार्टी में काफी लंबे समय से अपनी सेवायें देते रहे हैं।रुद्रपुर से नव निर्वाचित मेयर विकास शर्मा जब युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे तब तिवारी पंतनगर के मंडल अध्यक्ष का जिम्मा संभाल रहे थे।विधायक शिव अरोरा जब संगठन के जिला प्रमुख थे तो राजेश तिवारी भी जिला उपाध्यक्ष के पद पर थे।खटीमा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी रहने के अलावा विगत लोकसभा चुनाव में पार्टी के गांव चलो अभियान में राजेश तिवारी को जिला संयोजक का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया था।विगत स्थानीय निकाय चुनाव में राजेश तिवारी ने लालपुर व नगला में चुनावी कमान संभाली थी और दोनों ही स्थानों पर पार्टी के प्रत्याशी विजयी रहे थे।किच्छा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे राजेश शुक्ला के भी तिवारी खासमखास माने जाते हैं।पूर्व विधायक शुक्ला की सीएम धामी से नजदीकियां जगजाहिर हैं।इसलिये सरल स्वभाव के तिवारी रायशुमारी में कार्यकर्ताओं की पहली पसंद बन सकते हैं।वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ भी जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं।विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों में खासे सक्रिय रहने वाले चुघ की संघ में भी खासी पकड़ हैं।पार्टी के भीतर कुशल रणनीतिकार के रूप में पहचान रखने वाले भारत भूषण युवा पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।जिला महामंत्री अमित नारंग भी अपनी मिलनसार और निर्विवाद छवि के दम पर जिलाध्यक्ष पद के लिये कार्यकर्ताओं की पहली पसंद बन सकते हैं।नारंग की प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों में भी खासी पकड़ बताई जाती है।उपरोक्त तीनों दावेदारों के अलावा छात्र राजनीति से ही अपनी अलग पहचान रखने वाले किच्छा मंडी समिति के पूर्व चेयरमेन कमलेन्द्र सेमवाल भी छुपे रुस्तम साबित हो सकते हैं।सूत्रों के मुताबिक भाजपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष कमल जिंदल को भी अंतिम समय में जिलाध्यक्ष के लिये घोषित किया जा सकता है।जिंदल की काबीना मंत्री सौरव बहुगुणा से काफी नजदीकियां हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके नाम पर सहमति जता सकते हैं।बहरहाल शुक्रवार की रायशुमारी के बाद मार्च के पहले सप्ताह में ऊधम सिंह नगर से भाजपा के नये जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा पार्टी का प्रदेश नेतृत्व कर सकता है।फिलहाल अध्यक्ष पद के लिये सभी दावेदार पार्टी में अपने स्तर से सहमति के लिये जुगत लगाने में जुटे हैं।

Advertisement

Lalit Kumar Sharma

You may have missed