October 12, 2026

एक्सक्लूसिव… दुर्घटनारोपी चालक सचिन यादव ने यूपी में तोड़ा था टोल बैरियर ! नैनीताल जाने का बदला प्लान,पुलिस क्राइम हिस्ट्री खंगालने में जुटी

एक्सक्लूसिव… दुर्घटनारोपी चालक सचिन यादव ने यूपी में तोड़ा था टोल बैरियर ! नैनीताल जाने का बदला प्लान,पुलिस क्राइम हिस्ट्री खंगालने में जुटीरुद्रपुर।जिला मुख्यालय पर सड़क दुर्घटना में गर्भवती महिला समेत चार लोगों की मौत के जिम्मेवार कार स्वामी सचिन यादव ने हादसे से पहले यूपी के दो टोल बैरियर भी तोड़े थे।सूत्रों के मुताबिक सचिन यादव पुत्र श्रीपाल यादव निवासी 240 सिविल लाइंस थाना इज्जतनगर बरेली में “होटल जेपी” का स्वामी है।बताया जाता है कि मंगलवार की रात को उसने नैनीताल निवासी अपनी किसी महिला मित्र से मुलाकात का प्लान बनाया और लगभग रात के ग्यारह बजे अपने साथी बबलू के साथ नैनीताल के लिये xuv कार संख्या यूपी 25 डीपी 6168 में सवार होकर रवाना हुआ था।जानकारी के मुताबिक सचिन ने बरेली के एक पेट्रोल पम्प से ईंधन भरवाया और वहां से बिना पेमेंट दिये कार दौड़ा दी।उसे नैनीताल पहुंचने की इतनी जल्दी थी कि हाइवे पर बने दोहना व बहेड़ी के टोल बैरियर पर भी कार नहीं रोकी और बिना टोल टैक्स अदा किये बैरियर तोड़कर हल्द्वानी की ओर कार को दौड़ा लिया।सूत्रों से पता चला है कि हल्द्वानी पहुंचने पर सचिन का अपनी महिला मित्र से सम्पर्क नहीं हो पाया जिससे निराश होकर वो वापस चल दिया।लालकुआँ पार करने के बाद उसने नगला बाईपास से कार को रुद्रपुर की ओर मोड़ दिया।पुलिस सूत्रों के मुताबिक सचिन काफी तेजी से कार चला रहा था।उसकी कार की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लालकुंआ से रुद्रपुर की लगभग 25 किलोमीटर की दूरी उसने महज 12 मिनट में ही नाप ली थी।जिला अस्पताल से टुकटुक में सवार होकर रात्रि लगभग ढाई बजे वापस भूरारानी जा रही गर्भवती ज्योति समेत अभागे साहनी परिवार को लेशमात्र भी अंदाजा नहीं रहा होगा कि रात के सन्नाटे को चीरती हुई मौत 120 किलोमीटर से भी अधिक रफ्तार से आ रही कार के रूप में उन्हें झपट्टा मारकर अपने साथ ले जायेगी।हादसे के बाद कार चला रहे सचिन को ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया जबकि उसके साथी बबलू को घायल अवस्था में इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया।जानकारी के मुताबिक सचिन का आपराधिक इतिहास भी रहा है और स्थानीय पुलिस ने बरेली पुलिस से सम्पर्क साधकर उसका आपराधिक इतिहास बताने का अनुरोध किया है।” न्यूज खरी-खरी ” की टीम को जानकारी मिली है कि सचिन जिस तरह से बरेली से किच्छा के बीच टोल बैरियर तोड़कर भागा और आपाधापी के बीच हल्द्वानी से वापसी में रुद्रपुर की ओर आया,इस बाबत भी पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़कर उसकी मंशा को उजागर करने के लिये जी-जान से छानबीन में लगी हुई है।

Advertisement

Lalit Kumar Sharma

You may have missed