October 12, 2026

बड़ी खबर…त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान थमा,रुद्रपुर समेत जिले के तीन ब्लॉक में 28 को मतदान,

 

रुद्रपुर।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान थम गया है और प्रशासन समेत विभिन्न प्रत्याशी बूथ स्तर तक मतदान प्रक्रिया की तैयारियों में जुट गये हैं।शनिवार शाम 5 बजे निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता के तहत चुनाव प्रचार का पहिया थम गया।जिला पंचायत की कुरैया और भंगा सीट पर जिले भर के राजनीतिक पंडितों की पैनी नजर गड़ी हुई है।भंगा में पिछले दो दशक से जिला पंचायत अध्यक्ष का दारोमदार संभालते रहे ईश्वरी प्रसाद गंगवार के परिवार की साख दांव पर है।गंगवार की बहु और सुरेश गंगवार की पत्नी रेनू गंगवार वार्ड 17 भंगा से चुनावी मैदान में हैं।उनके सामने बतौर प्रतिद्वंदी शाहनवाज़ मलिक की पत्नी बुशरा मलिक और हाईकोर्ट की अधिवक्ता शिवांगी गंगवार भी चुनावी बिसात बिछाये हुए हैं।भंगा की जिला पंचायत सीट पर इस बार लगभग 24 हजार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।कुल मतदाताओं में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 33 प्रतिशत है जो कि निर्णायक साबित हो सकते हैं।अनुमान के मुताबिक यदि रेनू गंगवार वार्ड 17 भंगा से जिला पंचायत चुनाव जीत जाती हैं तो जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिये गंगवार परिवार प्रबल दावेदार हो सकता है।वहीं वार्ड 14 कुरैया सीट भी जिले की हॉट सीट बनी हुई है।कुरैया से उत्तराखंड आवास परिषद के अध्यक्ष रहे उपेंद्र चौधरी की धर्म पत्नी कोमल चौधरी चुनावी समर में हैं।रुद्रपुर से भाजपा विधायक एवं किच्छा से दो बार विधायक रहे राजेश शुक्ला समेत भाजपा की पूरी टीम ने कोमल चौधरी को जिताने के लिये ताकत झोंक रखी रखी है जबकि कांग्रेस समर्थित सुनीता सिंह जो कि एडवोकेट सर्वेश कुमार सिंह की धर्मपत्नी हैं,उन्हें जिताने के लिये किच्छा से वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ ने पूरा जोर लगा रखा है।कुरैया में जीत-हार से पूर्व विधायक शुक्ला और वर्तमान विधायक बेहड़ की साख का सवाल भी जुड़ा हुआ है।बहरहाल 28 जुलाई दिन मंगलवार को होने वाले मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य मटपेटियों में कैद हो जायेगा और 31 जुलाई को मतगणना के बाद तय होगा कि जिला पंचायत समेत जिले की ग्रामीण सरकार बनाने के लिये किस-किस प्रत्याशी के भाग्य का सितारा चमकता है।

Advertisement

Lalit Kumar Sharma

You may have missed