बड़ी खबर…!रुद्रपुर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड खुलने की कवायद शुरु,उद्योगों व आम जनता को मिलेगी सहूलियत,

Spread the love

ललित शर्मा
रुद्रपुर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शुमार होने के चलते उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय रुद्रपुर में खोलने की मुहिम परवान चढ़ने लगी है।शासन स्तर पर इसको लेकर तैयारियां शुरु हो गई हैं।उल्लेखनीय है कि वर्तमान में कुमाऊं क्षेत्रांतर्गत प्रदूषण नियंत्रण के प्रमुख कार्यालय सिर्फ काशीपुर और हल्द्वानी में ही संचालित होने के कारण उद्योगों,कारोबारियों और आम लोगों को खासी दिक्क़तों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रुद्रपुर में कार्यालय खुलने से स्थानीय स्तर पर प्रदूषण संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा।जानकारी के मुताबिक रुद्रपुर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यालय हेतु जल्द ही बोर्ड की बैठक में जगह को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।जिला मुख्यालय के आसपास लगातार बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए लंबे समय से यहां क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय खोलने की मांग काफी दिनों से उठ रही थी। सिडकुल क्षेत्र में बड़ी संख्या में उद्योग संचालित हैं,जिनसे जुड़े पर्यावरणीय मानकों की निगरानी,एनओसी,जल एवं वायु संबंधी स्वीकृतियां तथा शिकायतों के निस्तारण के लिए उद्यमियों को फिलहाल काशीपुर स्थित कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।प्रस्तावित कार्यालय खुलने से न केवल औद्योगिक इकाइयों को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यावरणीय शिकायतों की मॉनिटरिंग भी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। शासन स्तर पर भवन,स्टाफ और प्रशासनिक ढांचे को लेकर मंथन चल रहा है।सूत्रों के मुताबिक जल्द ही इस संबंध में औपचारिक घोषणा भी की जा सकती है।क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित होने के बाद रुद्रपुर,किच्छा,सितारगंज और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की निगरानी और सैंपलिंग कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मामलों में भी स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

Lalit Kumar Sharma


Spread the love

You may have missed

error: Content is protected !!